नई आकांक्षाओं को जन्म देने वाला क्षण है कॉलेज का वार्षिक दिवस- उप-राज्यपाल स. तरनजीत सिंह संधू
दिल्ली :- दिल्ली विश्वविद्यालय के माता सुंदरी कॉलेज फॉर विमेन ने 59वां वार्षिक दिवस बड़े उत्साह के साथ मनाया। यह आयोजन शैक्षणिक वर्ष के दौरान छात्रों की सराहनीय उपलब्धियों और कॉलेज की सांस्कृतिक विरासत को संजोने का एक विशेष अवसर रहा।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में दिल्ली के माननीय उप-राज्यपाल स. तरनजीत सिंह संधू उपस्थित रहे। उनके साथ दिल्ली सरकार के कैबिनेट मंत्री स. मनजिंदर सिंह सिरसा, कॉलेज गवर्निंग बॉडी के चेयरमैन पद्म श्री डॉ. विक्रमजीत सिंह साहनी, डी.एस.जी.एम.सी. के महासचिव स. जगदीप सिंह काहलों और पूर्व पुलिस कमिश्नर श्री राकेश अस्थाना जैसी प्रतिष्ठित हस्तियां भी शामिल हुईं। मुख्य अतिथि ने अपने भाषण में कहा कि वार्षिक दिवस किसी भी संस्थान के लिए आत्म-चिन्तन और नई आकांक्षाओं को जन्म देने का एक महत्वपूर्ण क्षण होता है।
एक विशेष ऑडियो-विजुअल प्रस्तुति के जरिए साल भर आयोजित हुए सेमिनार, हेरिटेज वॉक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की झलक दिखाई गई। साथ ही, शिक्षकों द्वारा किए गए शोध कार्यों और प्रकाशनों को भी जारी किया गया। कॉलेज ने अपनी ऐतिहासिक विरासत को सहेजने के लिए 'माता सुंदरी डिजिटल आर्काइव्स' पहल की भी शुरुआत की। कार्यक्रम के अंत में सेवानिवृत्त हो रहे स्टाफ सदस्यों को सम्मानित किया गया और संयोजक डॉ. दिव्या प्रधान ने सभी के सहयोग के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।